शिवपुरी। फाल्गुन उत्सव के अवसर पर शहर में पहली बार श्याम बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। मां चिंतपूर्णी खाटूश्यामजी सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पालकी यात्रा मां राजेश्वरी माता मंदिर से प्रारंभ होकर अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, माधव चौक, गुरुद्वारा चौक और झांसी तिराहा होते हुए गुना बायपास स्थित मां चिंतपूर्णी खाटूश्यामजी मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं नागरिकों द्वारा पालकी का भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की बहनों ने लाठी और तलवार के साथ विभिन्न प्रकार की युद्ध कला का प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित लोगों को आकर्षित किया।
मंदिर पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्याम बाबा की महाआरती की गई। इसके बाद भंडारे एवं प्रसाद वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। पालकी यात्रा के दौरान शहर का वातावरण खाटूधाम जैसा भक्तिमय नजर आया।









Be First to Comment