Press "Enter" to skip to content

नरवर में 33 केवी लाइन की चपेट में आने से युवक झुलसा, ग्वालियर रेफर / Shivpuri News

शिवपुरी। नरवर नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 9 में पोहा गांव के पास करैरा रोड पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मकान निर्माण कार्य के दौरान 33 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार लक्ष्मण सिंह कुशवाह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार सुबह करीब 10 बजे मकान की छत डालने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान 22 वर्षीय खलकसिंह कुशवाह छत पर काम कर रहा था। मकान के ऊपर से 33 केवी बडेरा लाइन गुजर रही है। काम करते समय अचानक युवक लाइन की चपेट में आ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और उसके शरीर में आग लग गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद मकान मालिक, ठेकेदार और मजदूरों ने तत्काल युवक को नरवर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मकान मालिक लक्ष्मण सिंह कुशवाह द्वारा विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी और न ही लाइनमैन को इसकी सूचना दी गई थी कि 33 केवी लाइन के नीचे मकान का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

इस मामले में जब मकान मालिक लक्ष्मण सिंह कुशवाह से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्होंने विद्युत विभाग में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया था, जबकि इतनी हाई वोल्टेज लाइन के नीचे निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए था।

वहीं इस मामले में नरवर नगर परिषद के सीएमओ प्रवीण कुमार नरवरिया ने कहा कि यह जांच की जा रही है कि भवन निर्माण की अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि अनुमति नहीं ली गई होगी तो संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया जाएगा।
घटना में ठेकेदार कमल किशोर कुशवाह की भी लापरवाही सामने आई है। मौके पर मौजूद मजदूर बच्चों ने आरोप लगाया कि उन्हें ठेकेदार द्वारा काम पर बुलाया गया था। जब उनसे उनकी उम्र पूछी गई तो कई बच्चों ने अपनी उम्र 18 वर्ष से कम बताई। ऐसे में नाबालिगों से मजदूरी करवाने का मामला भी सामने आया है।

अब देखना होगा कि नरवर नगर परिषद और संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!