Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में टीआई की कॉलर पकड़ने वाले आरोपी का पुलिस ने निकाला जुलूस, आरोपी बोलें ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है’ / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले (देहात थाना क्षेत्र) में पुलिस ने एक टीआई (टाउन इंस्पेक्टर) के साथ गाली-गलौज करने और उनकी कॉलर पकड़ने वाले आरोपी का शुक्रवार को जुलूस निकाला। आरोपी को मुख्य बाजार से पैदल ले जाया गया, जहां वह ‘अपराध करना पाप है, पुलिस हमारा बाप है’ के नारे लगाता हुआ नजर आया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


गुरुवार दोपहर NH-46 पर शारदा सॉल्वेंट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक ऑटो को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में ऑटो पलट गया और उसमें सवार 5 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने ट्रक के हेल्पर विकास धाकड़ को पकड़ लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया।

उसी रास्ते से ड्यूटी पर जा रहे निरीक्षक (टीआई) रवि शंकर कौशल ने भीड़ को रोककर बीच-बचाव किया और हेल्पर विकास धाकड़ की जान बचाई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था। मदद के बदले उसने टीआई के साथ ही गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथापाई करते हुए उनकी कॉलर पकड़ ली।

इस बदसलूकी के बावजूद टीआई कौशल ने संयम बरता और सबसे पहले कोलारस निवासी मुकेश नामदेव सहित सभी 5 घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

गुरुवार रात देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने टीआई रवि शंकर कौशल की शिकायत पर आरोपी विकास धाकड़ के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।

शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका जुलूस निकाला।

पुलिस के मुताबिक, फिलहाल फरार ट्रक चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!