Press "Enter" to skip to content

सास ने बहु से माँगा 100 ग्राम घी, विवाद बढ़ने पर बहु ने की आत्महत्या, पति-ससुर गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के इंदार थाना क्षेत्र के इमलाऊदी चक गांव में 100 ग्राम घी को लेकर हुए घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। 27 वर्षीय सोनम उर्फ सोना जाटव ने जहरीली दवा का सेवन कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने महिला के पति और ससुर को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद बुधवार सुबह सास-बहू के बीच घी को लेकर शुरू हुआ था। पति धनपाल जाटव ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने सोनम से थोड़ा घी मांगा था। पहले सोनम ने मना किया, लेकिन समझाने पर उसने 100 ग्राम घी दे दिया। बाद में और घी दिलवाने की बात पर विवाद बढ़ गया, जिससे गुस्से में सोनम ने घी का डिब्बा फेंक दिया और घर में रखी जहरीली दवा खा ली।

थाना इंदार पुलिस ने मर्ग क्रमांक 05/2026 धारा 194 बीएनएसएस की जांच के दौरान मृतिका के परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने बताया कि ग्राम इमलाऊदी चक निवासी सोना उर्फ सोनम (27) को उसके पति और ससुर लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आए दिन होने वाले विवाद और मारपीट से परेशान होकर महिला ने 15 जनवरी 2026 को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपी धनपाल उर्फ मोहरसिंह जाटव और उसके पिता मुलुआ उर्फ मूलचंद जाटव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने 1 फरवरी 2026 को आरोपी पति धनपाल उर्फ मोहरसिंह जाटव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। वहीं, फरार चल रहे आरोपी ससुर मुलुआ उर्फ मूलचंद जाटव (50) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!