शिवपुरी: खनियांधाना नगर परिषद के सफाई संरक्षकों और अतिक्रमण विरोधी दस्ते पर बस स्टैंड क्षेत्र में हमला करने और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मुख्य नगर परिषद अधिकारी खनियांधाना ने पुलिस थाना खनियांधाना को पत्र लिखकर दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 फरवरी 2026 को नगर परिषद खनियांधाना का सफाई एवं अतिक्रमण निरोधी दस्ता बस स्टैंड क्षेत्र को व्यवस्थित करने और आम रास्ते से सब्जी/फल विक्रेताओं को हटाने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ असामाजिक तत्वों और स्थानीय लोगों ने टीम को घेर लिया और उनके शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
जातिसूचक गालियां और मारपीट की कोशिश
नगर परिषद द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, उपद्रवियों ने न केवल पूरे प्रशासन को भद्दी गालियां दीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों वाल्मीकि समाज को संबोधित करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उन्हें अपमानित किया। आरोप है कि भीड़ ने रास्ता जाम कर दिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की कोशिश भी की गई
19 नामजद सहित 15 से 20 अन्य पर शिकायत
नगर परिषद ने पुलिस को सौंपी सूची में कुल 19 लोगों को नामजद किया है, जिनमें मुख्य रूप से मो. रसूल, रिज्जा, मंगल, रिंकू, जगदीश यादव, उस्मान राईन, सलमा, फिरोज, इरसाद, मुख्तार, अनाश, लक्ष्मी, उषा, पूजा, उषा, लक्ष्मण, रामसिंह, हल्कू और प्रमोद शामिल हैं। इसके अलावा 15-20 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्रशासनिक सक्रियता
इस गंभीर घटना को लेकर मुख्य नगर परिषद अधिकारी खनियांधाना ने पुलिस प्रशासन से सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। इस पत्र की प्रतियां शिवपुरी कलेक्टर शिवपुरी, पुलिस अधीक्षक और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिछोर को भी सूचना एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई हैं.










Be First to Comment