Press "Enter" to skip to content

युवराज होटल में छात्रा की युवक से विवाद के बाद संदिग्ध मौत, फांसी लगाकर आत्महत्या की आशंका, अस्पताल में मृत घोषित किया गया, युवक हिरासत में / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित युवराज होटल के एक कमरे में सोमवार दोपहर 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या की। उसे गंभीर हालत में निजी एमएम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सेसई निवासी नैनसी राठौर उम्र 20 साल शहर के एक शासकीय कॉलेज में अध्ययनरत थी। सोमवार को वह अपने गांव के रहने वाले अंकुश रावत के साथ होटल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान नैनसी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। अंकुश उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई और वहां से फिजिकल थाना पुलिस को अवगत कराया गया।
फिजिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल के कमरे का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अंकुश रावत को हिरासत में लेकर उससे विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि होटल में आने की वजह, दोनों के बीच हुए विवाद और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद युवती के पिता राजू राठौर ने बताया कि नैनसी सुबह करीब 11 बजे फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में उन्हें उसकी मौत की सूचना मिली। पिता के अनुसार अंकुश रावत गांव का ही रहने वाला है और बाहर नौकरी करता है, जो हाल ही में गांव आया था। बेटी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

फिजिकल थाना प्रभारी नम्रता सिंह भदौरिया ने बताया की अभी युवती का पीएम कराया जा रहा है अभी यह स्पष्ट नही हुआ कि युवती ने सुसाइड किन कारणों से किया है, हम युवती के परिजनों से पूछताछ कर रहे है, संपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद आगे कार्यवाही की जावेगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!