शिवपुरी: जिले के पिछोर में भारतीय किसान संघ की तहसील स्तरीय बैठक उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के कार्यकारिणी विस्तार के साथ-साथ किसानों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़, जिला सह प्रचार-प्रसार प्रमुख दीपेंद्र पाल एवं जिला उपाध्यक्ष योगेश वर्मा ने किया।
बैठक में हाल ही में क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा एवं बीमा राशि शीघ्र प्रदान करने की मांग उठाई गई। साथ ही जंगली नीलगायों के बढ़ते प्रकोप से फसलों को हो रहे नुकसान पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने तथा किसानों को तारफेंसिंग पर अनुदान देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
किसानों ने चुनावी घोषणा के अनुरूप गेहूं की फसल 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदे जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी। बैठक के बाद संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
बैठक के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई, जिसमें दीपक बघेल को तहसील अध्यक्ष, हल्केराम जाटव को मंत्री, अवनेश लोधी, संजय पाल एवं शिशुपाल बघेल को उपाध्यक्ष, चंद्रभान पाल को मीडिया प्रभारी तथा जाहरसिंह पाल को जैविक प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।








Be First to Comment