शिवपुरी: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में 10 फरवरी की सुबह डाक वितरण के दौरान एक पोस्टमैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया। नवाब साहब रोड पर पार्सल देने पहुंचे पोस्टमैन राघवेन्द्र तिवारी को युवक गोविन्द ठाकुर ने बताए गए पते पर पार्सल लेने से इनकार करने पर थप्पड़ मारे, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
फरियादी राघवेन्द्र तिवारी (28) पुत्र रामप्रकाश तिवारी, पटेल पार्क थाना फिजिकल के निवासी हैं। वे प्रधान डाकघर शिवपुरी में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं। उनकी बीट क्रमांक 11 में नवाब साहब रोड, बजरंग कॉलोनी और विजयपुरम का क्षेत्र आता है।
राघवेन्द्र तिवारी ने बताया कि 10 फरवरी को सुबह करीब 11:30 बजे वह शासकीय डाक वितरण के लिए नवाब साहब रोड पर पहुंचे थे। उन्होंने पार्सल देने के लिए गोविन्द ठाकुर को फोन किया। फोन पर गोविन्द ने पोस्टमैन से कहा कि वह प्ले ग्राउंड में आकर पार्सल दे दें। इस पर राघवेन्द्र ने नियमों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि पार्सल संबंधित पते पर ही दिया जाएगा, कहीं और नहीं।
कुछ देर बाद गोविन्द ठाकुर मोटरसाइकिल से हनुमान मंदिर के पास पहुंचा। आते ही वह पोस्टमैन से गाली-गलौज करने लगा। आसपास मौजूद लोग भी इस दौरान मौके पर जमा हो गए। पोस्टमैन ने आरोपी को समझाने की कोशिश की और कहा कि वह शासकीय कर्मचारी है, इसलिए अभद्र व्यवहार न किया जाए। लेकिन आरोपी नहीं माना और विवाद बढ़ता गया।
आरोप है कि गोविन्द ठाकुर ने अचानक राघवेन्द्र तिवारी के दोनों गालों पर थप्पड़ मार दिए। इसके बाद धक्का-मुक्की भी की गई। आरोपी ने पोस्टमैन को धमकी दी कि अगर वह दोबारा नवाब साहब रोड पर दिखा तो जान से मार देगा। इसके बाद वह बिना विधिवत प्राप्ति दिए पार्सल लेकर चला गया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। नहीं तो विवाद और बढ़ सकता था। पीड़ित पोस्टमैन ने सबसे पहले अपने डाकपाल को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शासकीय कर्मचारी से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविन्द ठाकुर को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस हिरासत में आने के बाद आरोपी का रवैया बदल गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।








Be First to Comment