शिवपुरी: जिले के पिछोर कस्बे में 20 करोड़ रुपए से अधिक की जल परियोजना अधूरी होने पर रहवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर ठेकेदार और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं।
यह परियोजना मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा संचालित मध्यप्रदेश अर्बन वाटर सर्विसेज इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट के तहत 2051.34 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत हुई थी, लेकिन कार्य आज तक पूरा नहीं हुआ है।
शिकायत के अनुसार, यह परियोजना 8 अगस्त 2017 को स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही के कारण जलशोधन संयंत्र का निर्माण अधूरा है। कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन कई मोहल्लों में अब तक पाइपलाइन नहीं पहुंची है।
पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत भी नहीं की गई है, जिससे आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि वे पिछले चार वर्षों से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्हें दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। गली-मोहल्लों में खोदे गए गड्ढे दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं।
रहवासियों ने हितेश अरोरा (एमडी), आनंद शर्मा (सीएमओ पिछोर), आनंद सिंह (इंजीनियर), हर्ष अरोरा (डायरेक्टर) और एसडीएम पिछोर पर भ्रष्टाचार और कार्य में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई हो, राशि की वसूली की जाए और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।







Be First to Comment