शिवपुरी: जिले के पिछोर क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह की गई दबिश में करीब 27 लाख 69 हजार 200 रुपए कीमत की अवैध शराब और गुड़ लहान जब्त कर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर रविंद्र चौधरी और उपायुक्त आबकारी संभागीय उड़नदस्ता ग्वालियर संदीप शर्मा के निर्देशन में हुई।
जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में वृत्त पिछोर प्रभारी लोकेश बेवारिया की टीम ने खनियाधाना के समीप सिलपुरा कंजर डेरा समेत कई स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान मौके से 27,200 किलोग्राम गुड़ लहान के नमूने लेकर उसे नष्ट किया गया। साथ ही, 46 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए हैं और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दबिश के दौरान टीम को कंजर डेरों में भारी मात्रा में गुड़ लहान जमीन में बड़े-बड़े गड्ढे खोदकर तिरपाल से ढका हुआ मिला। इसके अतिरिक्त, सीमेंट की बड़ी टंकियों में भी कच्ची शराब बनाने की सामग्री संग्रहित थी। मौके से शराब बनाने की भट्ठी और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक तीर्थराज भारद्वाज, गौरव कुमार कोल, आरक्षक गिरराज, सतीश, डोंगर सिंह, रितिक धाकड़, सैनिक सुमन जोशी, रितु और दिलीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









Be First to Comment