Press "Enter" to skip to content

लव मैरिज करने के बाद नाबालिग बताकर करा दी FIR, रिश्तेदारों पर पेशी पर जाने से रोकने का दबाब, मारपीट / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचराई में एक युवक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को न्यायालय की पेशी पर जाने से रोकने के लिए यह घटना की गई। पीड़ित धर्मेंद्र पिता धनीराम जाटव (23) ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


धर्मेंद्र ने बताया कि उसने एक लड़की के साथ पंजाब में शादी की थी। इसके बाद लड़की के परिजनों ने उसे नाबालिग बताकर एफआईआर दर्ज करा दी थी। यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है और 16 जनवरी 2026 को उसकी पेशी तय थी।

पीड़ित के अनुसार, उसके गांव में लड़की के रिश्तेदार रहते हैं। उन्हें आशंका थी कि यदि धर्मेंद्र पेशी पर नहीं पहुंचा तो मामला बिगड़ सकता है और उसे जेल हो सकती है। इसी आशंका के चलते 15 जनवरी 2026 की शाम करीब 8:30 बजे गांव के बलवीर, भगत, विक्रम और शिवसिंह उसके घर पहुंचे। उन्होंने धर्मेंद्र पर अशोकनगर कोर्ट की पेशी पर न जाने का दबाव बनाया।

जब धर्मेंद्र ने पेशी पर जाने की बात कही, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इस मारपीट में उसके सिर, पीठ और पैर में चोटें आईं। आरोप है कि आरोपियों ने उसे धमकी दी कि यदि वह पेशी पर गया तो उसके हाथ-पैर तोड़ देंगे। उन्होंने यह भी धमकी दी कि लड़की को गांव लाने पर उसके साथ भी गंभीर हिंसा की जाएगी।

घटना के समय पीड़ित के जीजा संतोष जाटव ने बीच-बचाव किया। जान के डर से धर्मेंद्र अपनी बहन राजकुमारी के यहां ग्राम घिलोन्द्र चला गया। उसने पहले थाना मायापुर में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन सुनवाई न होने पर एसपी ऑफिस पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और न्यायिक प्रक्रिया में बाधा डालने जैसी धाराओं में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!