शिवपुरी: जिले में किसानों के साथ धोखाधड़ी से जुड़ा एक गंभीर मामला उजागर हुआ है। क्रिस्टल कॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड कंपनी के नाम पर बाजार में नकली ब्लू कॉपर कीटनाशक दवा बेची जा रही थी, जिसे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जब्त किया है।
कंपनी के प्रतिनिधि रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि 13 जनवरी को कोतवाली थाना पुलिस को नकली कीटनाशक दवा के निर्माण और बिक्री की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया और चिन्हित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान दुबे नर्सरी के पास स्थित वीरेंद्र ओझा की दुकान से कंपनी के नाम से पैक की गई नकली ब्लू कॉपर कीटनाशक दवा बरामद की गई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दवा को जब्त कर कोतवाली थाने में सुपुर्द किया। मौके पर उपस्थित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए।
कंपनी की ओर से बताया गया कि पूरी कार्रवाई के फोटो और वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं। 14 जनवरी को संबंधित दस्तावेजों, जब्ती सूची और साक्ष्यों के साथ पुलिस से एफआईआर दर्ज करने का औपचारिक अनुरोध किया गया था। अब कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए प्रकरण में शीघ्र एफआईआर दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
कंपनी का कहना है कि नकली कृषि रसायनों की बिक्री से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है और उनकी फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि किसानों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद मिल सकें।








Be First to Comment