Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में घी को लेकर सास से विवाद, बहू ने खाया जहर, जिला अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के इंदार थाना क्षेत्र के इमलाऊदी गांव में बुधवार को एक घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने जहरीली दवा खा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। यह विवाद घी को लेकर सास-बहू के बीच हुआ था। परिजन महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान सोनम जाटव के रूप में हुई। उसके पति धनपाल जाटव ने पुलिस को बताया कि वे अपनी मां और दो बच्चों के साथ संयुक्त परिवार में रहते थे, लेकिन घरेलू विवादों के कारण वे अलग से खाना बनाते थे। बुधवार सुबह धनपाल की मां ने सोनम से थोड़ा घी मांगा। सोनम ने पहले मना किया, लेकिन पति के कहने पर उसने 100 ग्राम घी दिया।

धनपाल के अनुसार, इसके बाद उसने सोनम की इच्छा के विरुद्ध थोड़ा और घी दिलवा दिया, जिस पर सास-बहू के बीच कहासुनी बढ़ गई। धनपाल घर से बाहर चला गया, और इसी दौरान सोनम और उसकी सास के बीच फिर विवाद हुआ। गुस्से में सोनम ने घी का डिब्बा फेंक दिया और घर में रखी जहरीली दवा खा ली।

सोनम की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली से पचावली ले गए। वहां से किराए की जीप से उसे जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनम जाटव की शादी वर्ष 2018 में हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!