शिवपुरी: जिले में एनएच-46 पर मंगलवार को डेढ़ घंटे के भीतर दो बड़ी लूट की वारदातें हुईं। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर कुल 1.93 लाख रुपए से अधिक नकदी, एक लैपटॉप, पावरबैंक और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए। दोनों घटनाओं को बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया।
पहली वारदात शाम करीब 6:25 बजे सेसई फोरलेन पर हुई। विवेकानंद कॉलोनी निवासी केशव शर्मा (45), जो मानीपुरा कोलारस स्थित मेस्सी शोरूम के मैनेजर हैं, शिवपुरी जा रहे थे। उनके सेठ अमित जैन ने उन्हें बीमा और आरटीओ भुगतान के लिए 70 हजार रुपए नकद दिए थे।
सेसई से पहले कलारी के सामने फोरलेन पर पहुंचते ही, पीछे से आई काले रंग की बिना नंबर की बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। पीछे बैठे बदमाश ने केशव शर्मा को पकड़कर उनकी जैकेट और पैंट की जेब से 70 हजार रुपए, साथ ही पर्स में रखे 1700 रुपए छीन लिए। बदमाशों ने उन्हें कट्टे से जान से मारने की धमकी दी और शिवपुरी की ओर फरार हो गए। फरियादी ने बताया कि वह बदमाशों को सामने आने पर पहचान सकता है।
इससे पहले, दोपहर करीब 4:15 बजे एक और लूट की घटना ईटमा रोड के पास हुई। न्यू शिव सिटी कॉलोनी, दर्शनी तिराहा पोहरी रोड शिवपुरी निवासी सर्वेश धाकड़ (34) कोलारस से अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से शिवपुरी लौट रहे थे। उनके पास एक नीले रंग का लैपटॉप बैग था, जिसमें लैपटॉप, पावरबैंक और टमाटर बिक्री के 1 लाख 22 हजार रुपए रखे थे।
जब वे एचपी पेट्रोल पंप से पहले ईटमा रोड के पास रुके, तभी नीले रंग की बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने सर्वेश धाकड़ की कमर पर कट्टा अड़ाकर गोली मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे बदमाश ने उनका बैग छीन लिया। बदमाश 1 लाख 22 हजार रुपए, पावरबैंक और पर्स (जिसमें आधार कार्ड व 100 रुपए थे) लेकर फरार हो गए। सर्वेश धाकड़ ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
दोनों वारदातों में तरीका, अपाचे बाइक और बदमाशों की संख्या समान होने से पुलिस को एक ही गैंग के शामिल होने की आशंका है। घटनाओं की सूचना मिलते ही अमन सिंह राठौड़ एसपी शिवपुरी स्वयं मौके पर पहुंचे और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया।पुलिस ने एक एफआईआर कोलारस थाना और दूसरी एफआईआर कोतवाली थाना में दर्ज कर ली है। सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से कुछ फोटो पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है।








Be First to Comment