शिवपुरी: पोहरी थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ज्योति यादव उर्फ बीमति (उम्र 26 वर्ष) पत्नी सुनील यादव ने थाना पोहरी में उपस्थित होकर अपने पति एवं ससुराल पक्ष के विरुद्ध दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है।
2019 में हुआ था विवाह, हैसियत अनुसार दिया गया था दहेज
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 7 मई 2019 को ग्राम रातीकिरार निवासी सुनील यादव (पुत्र कुमेर यादव) के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। विवाह के समय उसके पिता द्वारा एक लाख रुपये नगद, एक मोटरसाइकिल एवं घरेलू सामान हैसियत अनुसार दिया गया था।
शादी के एक साल बाद शुरू हुई दहेज की मांग
पीड़िता के अनुसार विवाह के लगभग एक वर्ष बाद पति सुनील यादव, ससुर कुमेर यादव, सास रामबती यादव एवं ननद लक्ष्मी यादव द्वारा दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे। आरोप है कि चार पहिया बुलेरो वाहन एवं पांच लाख रुपये नगद की लगातार मांग की जाती रही।
दहेज न लाने पर मारपीट और भूखा रखने का आरोप
पीड़िता ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे कई बार मारपीट कर प्रताड़ित किया गया तथा कई दिनों तक भूखा भी रखा गया। मायके पक्ष द्वारा समझाइश के कई प्रयास किए गए, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।
मारपीट कर घर से निकाला, जान से मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार 5 अगस्त 2025 को पति सुनील यादव, ससुर कुमेर यादव, सास रामबती यादव एवं ननद लक्ष्मी यादव ने दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की और कहा कि जब तक बुलेरो कार एवं पांच लाख रुपये नहीं लाओगी, तब तक घर में नहीं रखा जाएगा। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया गया और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता मायके में रहने को मजबूर, पुलिस से लगाई गुहार
घटना के बाद से पीड़िता अपने मायके में रह रही है। पीड़िता एवं उसके परिजनों द्वारा ससुराल पक्ष को समझाने के प्रयास जारी रहे, लेकिन दहेज की मांग और प्रताड़ना बंद नहीं हुई। मजबूर होकर पीड़िता अपने पिता के साथ थाना पोहरी पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं के अंतर्गत पाया गया है। थाना पोहरी पुलिस द्वारा प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। मामले की जांच जांच अधिकारी जगदीश भीलाला द्वारा की जा रही है।








Be First to Comment