शिवपुरी। गुरुवार को शिवपुरी जिले में हुई कियोस्क संचालक से लूट के तार गुना से जुड़े निकले। गुना पुलिस ने शिवपुरी पुलिस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों ही बमोरी इलाके के रहने वाले हैं। वारदात के बाद ये वहां से भागकर बमोरी आ गए थे। पुलिस ने इन आरोपियों से 6.25 लाख रुपये और एक 315 बोर का देशी कट्टा भी बरामद किया है। तीनों आरोपियों को बदरवास पुलिस को सौंप दिया गया है।
SP राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि गुना पुलिस ने बदरवास में कियोस्क संचालक के साथ 45 लाख रुपये की लूट के सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को दबोच लिया गया है। बदरवास निवासी कियोस्क संचालक विजय सिंघल के साथ 45 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात हुई थी। लूट की इस वारदात की जानकारी गुना पुलिस के संज्ञान में आई। शिवपुरी पुलिस से भी कुछ इनपुट मिला। इसी आधार पर आरोपियों की तलाश करने के लिए विशेष टीम लगाई गई। पुलिस को सूचना मिली कि झागर इलाके में एक घर मे लूट के आरोपी छुपे हुए हैं।
टीम ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी। झागर इलाके में तीन आरोपी पुलिस के हाथ चढ़ गए। तीनों ने अपने नाम नीलू किरार(26), अजय पाल(22) और मोहन भिलाला(20) बताये। दो आरोपी बमोरी के खडेला गांव के रहने वाले हैं। वहीं एक आरोपी फतेहगढ़ के पनेटी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने तीनों आरोपियों से लुटे गए 6.25 लाख रुपये और एक 315 बोर का देशी कट्टा भी बरामद किया है। गुना पुलिस ने तीनों आरोपियों को बदरवास पुलिस को सौंप दिया है। वही उनसे आगे की पूछताछ करेगी।
यह है मामला
शिवपुरी जिले के बदरवास में गुरुवार रात कियोस्क संचालक, उसकी पत्नी और दो बच्चों को बंधक बनाकर तीन बदमाश 45 लाख रुपए कैश लूट ले गए। SBI कियोस्क संचालक विजय सिंघल (40) पुत्र हरिचरण सिंघल निवासी SBI के सामने बदरवास से रात 9 से 9:15 बजे के बीच तीन बदमाशों ने 45 लाख रुपए लूट लिए।
विजय सिंघल के घर में ग्राउंड फ्लोर पर ATM लगा है, जबकि वे परिवार सहित फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। बदमाशों ने ATM में कैश फंसा होने के बहाने कियोस्क संचालक को नीचे बुलाया। गेट खोलते ही कट्टा अड़ा दिया, फिर पत्नी पूजा व दो बच्चे हार्दिक व युग सिंघल को बांध दिया। बदमाश घर से 45 लाख कैश, चेन और अंगूठी लूट ली। CCTV के फुटेज किसी के हाथ न लगे, इसलिए बदमाश हार्ड डिस्क अपने संग ले गए।






Be First to Comment