शिवपुरी। शिवपुरी जिले की तहसील कोलारस के तहत आने वाले ग्राम गिंदोरा में बीते एक साल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का पद रिक्त पड़ा है। इस पद का चार्ज सहायिका को दिया गया है। मामले को लेकर शिकायत भी की गई लेकिन कोई कार्रवाई आज दिनांक तक नहीं हो सकी है। राजनीति के चलते यह पद पिछले एक साल से रिक्त पड़ा हुआ है।
जानकारी के अनुसार गिदोंरा के उपसरंपच नीरज रघुवंशी ने बताया कि यहां के आंगनबाड़ी केंद्र में बीते एक वर्ष से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं की गई है। रघ्ुवंशी ने बताया कि पहले यहां जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पदस्थ थी एक राजनीति के एक प्रभावशाली व्यक्ति की रिश्तेदार थी और उसकी नियुक्ति गलत तरीके से की गई थी। नियुक्ति के विरूद्ध हमने शिकायत की जिस पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उसे हटा दिया। इसके बाद से यहां कोई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं की गई। मामले को लेकर आवेदन दिए लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की गई। यहां से फोन आया और आश्वासन दिया कि हम डीपीओ व परियोजना की मैडम से कहकर यहां जल्द नियुक्ति करवा देंगे। लेकिन इसका भी कुछ असर नहीं हुआ और बीते एक साल से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की नियुक्ति नहीं हो पाई। उपसरपंच ने बताया कि इस पद का प्रभाव सहायिका नीतू रघुवंशी को दे दिया गया है जो कि एक नेता की रिश्तेदार है। सहायिका अपनी मनमानी करती है वह न तो आंगनबाड़ी समय से खोलती है न ही बच्चों को पोषण आहर वितरित किया जाता है। उपसरपंच ने मामले की उच्च स्तर पर शिकायत करने की बात कही है।






Be First to Comment