कोलारस। आज कोलारस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिन रहा, जब केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जगतपुर उप डाकघर का रिबन काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं डाक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने नन्ही-नन्ही बालिकाओं के नाम से बचत खाते खुलवाए और उन्हें पासबुक (खाते की किताब) वितरित की। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में डाकघर की बचत योजनाएं अत्यंत उपयोगी हैं और कम उम्र से ही बचत की आदत डालना समाज के लिए लाभकारी है।
कार्यक्रम में डाकघर के अधिकारियों द्वारा आमजन को पोस्ट ऑफिस की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि डाकघर के माध्यम से बचत खाता, सुकन्या समृद्धि योजना, आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (FD), वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, बीमा सेवाएं, मनी ऑर्डर एवं डाक सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में डाकघर आज केवल पत्र व्यवहार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह बैंकिंग, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मजबूत केंद्र बन चुके हैं। जगतपुर उप डाकघर के शुभारंभ से क्षेत्रवासियों को अब ये सभी सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।








Be First to Comment