शिवपुरी: बैराड़ नगर में गौ सेवा के प्रति समर्पित गौ सेवकों द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए न्यू बस स्टैंड परिसर में अस्थाई गौशाला का निर्माण किया गया है। इस गौशाला में सड़क दुर्घटनाओं में घायल, बीमार एवं बेसहारा गौवंशों का कुशलता पूर्वक इलाज एवं संरक्षण किया जा रहा है।
इस अस्थाई गौशाला में घायल एवं एक्सीडेंटल गौवंशों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इलाज के साथ-साथ उनके खाने-पीने, दवाइयों और देखरेख की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे गौवंश स्वस्थ होकर पुनः सामान्य जीवन जी सकें।
गौर करने वाली बात यह है कि गौशाला के निर्माण, उपचार सामग्री, चारा-पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं गौ सेवकों द्वारा अपने निजी खर्च से की जा रही हैं। बिना किसी सरकारी सहायता के यह सेवा कार्य निरंतर जारी है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस पुनीत कार्य में जिन गौ सेवकों का विशेष योगदान रहा है, उनके नाम
पत्रकार ललित मुदगल, धीरज सोनी जी, डॉक्टर दीपक धाकड़ जी, धर्मेंद्र यादव जी, मनोज व्यास जी, चंदन धाकड़ जी, गौरव जैमिनी जी सहित कई अन्य समाजसेवी भी इस सेवा में सक्रिय रूप से शामिल हैं।
गौ सेवकों की यह पहल न केवल घायल गौवंशों के लिए संजीवनी साबित हो रही है, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और धर्म के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने इस कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
गौ सेवा को समर्पित यह प्रयास निश्चित रूप से समाज में धार्मिक, सामाजिक और मानवीय मूल्यों को मजबूत करता है।








Be First to Comment