शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी शिवपुरी स्थित सुषमा मेडिकल स्टोर पर चिरायु फार्मेसी कंपनी के नकली प्रोडक्ट बिकने की शिकायत पर प्रशासन व पुलिस ने संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दुकान से चिरायु कंपनी का नकली ऑयल पाए जाने की पुष्टि हुई है। कंपनी के ग्वालियर स्थित सेल्स ऑफिसर ने मौके पर मौजूद रहकर नकली प्रोडक्ट की पहचान की।
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, संभाग का अधिकृत डीलर ग्वालियर में है, जबकि उक्त दुकान से लगातार डुप्लीकेट प्रोडक्ट बिकने की सूचनाएं मिल रही थीं। शिकायत की पुष्टि के लिए कंपनी के कर्मचारियों ने स्वयं दुकान से प्रोडक्ट खरीदे, जो जांच में नकली निकले। इससे कंपनी की साख को नुकसान पहुंचने की बात कहते हुए प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस के साथ कार्रवाई की गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुकानदार ये नकली प्रोडक्ट कहां से मंगा रहा था। जब्त सामग्री की मात्रा और सप्लाई चेन को लेकर जांच जारी है। छापे की सूचना फैलते ही पुरानी शिवपुरी क्षेत्र की कई मेडिकल दुकानें बंद कर दुकानदार मौके से फरार हो गए, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है।








Be First to Comment