शिवपुरी: जिले के पोहरी अनुविभाग अंर्तगत सिरसौद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को टोंगरा गांव का एक युवक अपने साथी के साथ मिलकर बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोप है कि जाते समय किशोरी अपने साथ घर में रखे लाखों रुपये के जेवरात और नगदी भी ले गई है। पुलिस द्वारा सुनवाई न किए जाने पर पीड़िता की माँ ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी पिछले 8-9 दिनों से लापता है। महिला का आरोप है कि टोंगरा का रहने वाला नीतेश रावत और उसका साथी राजा रावत उसकी बेटी को भगा ले गए हैं। नीतेश पिछले दो-तीन महीनों से उसकी बेटी के संपर्क में था।
महिला ने बताया कि आरोपी केवल उसकी बेटी को ही नहीं ले गए, बल्कि घर से लगभग 5-6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 1 लाख 60 हजार रुपये नगद भी साथ ले गए हैं। ये जेवरात किशोरी की ताई और परिवार के अन्य सदस्यों के बताए जा रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से सिरसौद थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है। महिला ने आरोप लगाया कि जब भी वह थाने जाती है, तो उसे वहां से भगा दिया जाता है।
सिरसौद पुलिस की कार्यप्रणाली से परेशान होकर पीड़िता शिवपुरी एसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और एसपी से निवेदन किया कि उसकी नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द ढूँढा जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।








Be First to Comment