Press "Enter" to skip to content

संस्कार, संस्कृति और अनुशासन का भव्य संगम बना गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिकोत्सव / Shivpuri News


‘स्मृति के रंग, सभ्यता के संग’ थीम पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने दिया सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश
शिवपुरी। गुरु नानक इंटरनेशनल स्कूल, शिवपुरी का वार्षिकोत्सव समारोह शनिवार की शाम भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। यह आयोजन शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों का प्रभावशाली मंच बनकर सामने आया, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वार्षिकोत्सव की थीम ‘स्मृति के रंग, सभ्यता के संग’ को विद्यार्थियों ने नृत्य, नाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। मंच से भारतीय संस्कारों के संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी और बदलते दौर में सांस्कृतिक चेतना को बनाए रखने का संदेश दिया गया।
नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों की कृष्ण जन्मोत्सव झांकियों ने द्वापर युग की अनुभूति कराई, वहीं नशा मुक्ति पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति ने समाज को जागरूक करने का सशक्त संदेश दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की तालियों से पूरा सभागार गूंजा दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि श्री राजेश चौधरी, कमांडेंट आईटीबीपी शिवपुरी एवं विशेष अतिथि श्री कालूराम मीना, सेकेंड इन कमांड, टेलीकॉम बटालियन आईटीबीपी शिवपुरी ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विद्यालय के अनुशासित वातावरण की सराहना की।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कीर्ति चावला ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय को सीबीएसई हायर सेकेंडरी की मान्यता एवं आईएसओ प्रमाणपत्र प्राप्त है तथा शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति और सहशैक्षणिक गतिविधियों पर विशेष फोकस किया जाता है।
मुख्य अतिथि श्री राजेश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि शिवपुरी जैसे शहर में इस स्तर का संस्कार-आधारित शैक्षणिक वातावरण सराहनीय है। उन्होंने नशा मुक्ति संदेश को समय की आवश्यकता बताते हुए विद्यार्थियों को समाज का प्रेरक बनाने की बात कही।
विद्यालय के चेयरमैन श्रीमान एम.एस. अरोरा एवं सेक्रेटरी श्रीमती एस.के. अरोरा द्वारा मुख्य एवं विशेष अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अंत में विद्यालय के डायरेक्टर श्री महिपाल अरोरा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं गुरु नानक ग्रुप ऑफ स्कूल्स के स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!