शिवपुरी: नगर परिषद बैराड़ के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 12 स्थित बरोद रोड पर नगर पंचायत कार्यालय के सामने ग्रीन गार्डन स्कूल की गली में चल रहा नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है। पिछले करीब 20 दिनों से सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है
स्थानीय नागरिकों के अनुसार उक्त निर्माण कार्य ठेकेदार अनिल दुबे द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन कार्य की गति बेहद धीमी है। नालियों और सीसी रोड के लिए खुदाई तो कर दी गई, परंतु उसके बाद न तो सड़क समतल की गई और न ही निर्माण कार्य पूरा किया गया। इससे क्षेत्र में कीचड़, गड्ढे और धूल के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं।
ग्रीन गार्डन स्कूल इसी गली में स्थित होने के कारण स्कूली बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों को रोजाना जोखिम उठाकर निकलना पड़ रहा है। कीचड़ और पानी भर जाने से फिसलने का खतरा बना रहता है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर सीएमओ बैराड़ से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नागरिकों का कहना है कि नगर परिषद की अनदेखी के कारण ठेकेदार मनमर्जी से कार्य कर रहा है और जिम्मेदार अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
वार्ड क्रमांक 12 के रहवासियों में इस लापरवाही को लेकर काफी रोष व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि या तो निर्माण कार्य को तुरंत पूर्ण कराया जाए या फिर सड़क को अस्थायी रूप से चलने योग्य बनाया जाए। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।










Be First to Comment