शिवपुरी। गुजरात में युवक को जबरन बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला शिवपुरी में सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपित ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई और युवक की सुरक्षित वापसी की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित हरगोविंद आदिवासी निवासी ग्राम दादौल, थाना सुरवाया जिला शिवपुरी ने बताया कि ठेकेदार छोटू तिवारी (मो. 7582801167, 9399219990) करीब तीन माह पहले उनके 23 वर्षीय पुत्र राहुल आदिवासी को रोजगार देने के बहाने मोरबी, गुजरात ले गया था। ठेकेदार वहां राहुल सहित 10–12 अन्य युवकों व महिलाओं को टाइल्स फैक्ट्री में ले गया, जहां सभी को बंधक बनाकर जबरन श्रम कराया गया। मजदूरी नहीं दी गई और विरोध करने पर मारपीट, धमकी तथा मानसिक उत्पीड़न किया गया। मजदूरों के मोबाइल और सिम भी छीन लिए गए। कई लोग किसी तरह भागकर अपने गांव लौट आए, लेकिन राहुल अभी भी फैक्ट्री वालों के कब्जे में बताया गया है।
पीड़ित पिता का कहना है कि 05 दिसंबर को राहुल ने किसी और की मोबाइल से रोते हुए फोन कर बताया कि उसे तुरंत छुड़ाया जाए। पिता ने बताया कि ठेकेदार लगातार आश्वासन दे रहा है, लेकिन बेटे को अब तक वापस नहीं लाया गया। परिजन ने SP से प्रकरण दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।








Be First to Comment