शिवपुरी: जिले के कोलारस कस्बे में बीती रात तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया। कस्बे के रामलीला मैदान क्षेत्र में एक रहवासी ने दो बार तेंदुआ देखने का दावा किया है। सूचना पर वन विभाग की टीम ने रात में सर्चिंग की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। हालांकि, मंगलवार सुबह इलाके में ताजे पगमार्क (पंजों के निशान) मिलने से दहशत और बढ़ गई है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
कस्बे के रामलीला मैदान क्षेत्र में रहने वाले दिनेश पांडेय ने दावा किया कि उन्होंने बीती रात दो बार तेंदुआ देखा। उन्होंने तुरंत अपने पड़ोसियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन तेंदुआ झाड़ियों में छिपकर गायब हो चुका था। रात में कोई हलचल नहीं मिलने पर टीम वापस लौट गई।
मंगलवार सुबह लोगों को इलाके की मिट्टी में ताजे पगमार्क दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का मानना है कि ये पगमार्क तेंदुए के ही हैं। पगमार्क मिलने से क्षेत्र में अब भी भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग दिन में दोबारा सर्च अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।







Be First to Comment