शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर आवारा मवेशियों के हमलों की लगातार हुई घटनाओं ने स्थानीय लोगों में दहशत बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह आंगनवाड़ी सहायिका आशा सक्सेना पर गाय ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके कुछ घंटे बाद ही उसी इलाके में एक अन्य महिला बसंती भी मवेशियों की हरकत से घबराकर गिरने से घायल हो गई।
हालात बिगड़ते देख नगर पालिका प्रशासन शुक्रवार सुबह से सक्रिय हो गया और बेसहारा गोवंश को पकड़ने का अभियान तेज कर दिया। नगर पालिका की टीम ने साइंस कॉलेज रोड और आसपास के क्षेत्रों में मवेशियों को काऊ कैचर की मदद से पकड़कर लुधावली स्थित गोशाला भेजना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 15 गोवंश को शिफ्ट किया जा चुका है और अभियान लगातार चल रहा है।
गुरुवार सुबह आशा सक्सेना अपने घर के पास कचरा फेंकने के लिए बाहर निकली थीं। कचरे के ढेर पर पहले से मौजूद एक गाय ने उन पर हमला कर दिया। उसने आशा को सिंग से उठा कर पटक दिया, जिससे उनके पेट में गंभीर चोट आई। मेडिकल कॉलेज में सर्जरी कर 40 टांके लगाए गए हैं और उनकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।








Be First to Comment