Press "Enter" to skip to content

फर्जी बिल बनाकर 2160 लीटर अवैध डीज़ल का परिवहन: बदरवास पुलिस ने दो आरोपी दबोचे, 9 लाख का माल जब्त / Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए फर्जी बिल के सहारे अवैध डीज़ल का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2160 लीटर डीज़ल तथा टाटा लोडिंग वाहन सहित कुल 9 लाख रुपए का माल जब्त कर न्यायालय में पेश किया।

जानकारी के अनुसार 16 नवंबर 2025 को कस्बा गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति टाटा लोडिंग वाहन में अवैध डीज़ल भरकर गुना की ओर से ग्वालियर की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर ईश्वरी हाईवे पुल पर चेकिंग लगाई गई। कुछ देर बाद एमपी 11 जी 5904 नंबर की टाटा योद्धा लोडिंग गाड़ी आती दिखाई दी, जिसे रोककर जांच की गई।

वाहन चालक ने अपना नाम दीपेश उर्फ दीपू धाकड़ (19) निवासी थाना मोहना जिला ग्वालियर तथा साथ बैठे युवक ने धर्मेन्द्र परिहार (25) निवासी थाना मोहना जिला ग्वालियर बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें कुल 16 ड्रम मिले, जिनमें से 12 ड्रमों में 180–180 लीटर करके कुल 2160 लीटर डीज़ल भरा हुआ पाया गया। इसकी बाजार कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई।

डीज़ल परिवहन संबंधी लाइसेंस या दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। चालक दीपेश ने एक बिल दिखाया, जो मैसर्स आरएसके केमिकल ऑइल पेंट, मोहना ग्वालियर के नाम से जारी था और सोमानी ऑइल पेंट केमिकल, सुभाषनगर के नाम पर बनाया गया था। बिल में 2942009 किलोग्राम मात्रा और 39,924 रुपए कीमत दर्शाई गई थी, जो संदिग्ध पाई गई। जांच में यह बिल फर्जी पाया गया और धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।

पुलिस ने आरोपियों का कृत्य धारा 3/7 ईसी एक्ट, धारा 287, एवं 318(4) बीएनएस के तहत दंडनीय मानते हुए 2160 लीटर डीज़ल और लगभग 7 लाख रुपए कीमत वाले वाहन सहित कुल 9 लाख रुपए का मशरुका जब्त किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक रंगलाल मेर, सहायक उप निरीक्षक राकेश शिवहरे, सहायक उप निरीक्षक गोपाल बाबू, आरक्षक अनिल सिकरवार, दीपक शर्मा, राजकुमार, गोलू प्रजापति, सदन सिंह एवं चालक आरक्षक दीनू रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!