शिवपुरी. फिजिकल थाना क्षेत्र के अंतर्गत विष्णु मंदिर के सामने संचालित अवैध ईंट-रेत फड़ पर कवरेज करने पहुँचे पत्रकार के साथ फड़ संचालक एवं स्टाफ द्वारा मारपीट, मोबाइल छीने जाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़ित पत्रकार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
जानकारी के अनुसार, दीपक प्रजापति पुत्र स्वर्गीय रामबाबू प्रजापति (उम्र 32 वर्ष), निवासी तारकेश्वरी कॉलोनी, 15 नवंबर को दोपहर लगभग 3 बजे विष्णु मंदिर के सामने चल रहे अवैध रेत-ईंट फड़ पर कवरेज करने पहुंचे थे. इसी दौरान फड़ के स्टाफ सईद खान ने पत्रकार का मोबाइल फोन छीन लिया और उनका कॉलर पकड़कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया. जब पत्रकार ने विरोध किया और मोबाइल लौटाने की बात कही, तो सईद उन्हें फड़ के कार्यालय में ले गया.
कार्यालय में फड़ संचालक चाँद खान मिला, जिसने पत्रकार को धमकाते हुए कहा कि “तेरे जैसे मीडिया वाले बहुत देखे हैं, अगर यहां दोबारा आया तो जान से खत्म कर देंगे.” घटना के बाद पत्रकार ने फिजिकल थाना पहुँचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला कायम कर लिया है.







Be First to Comment