Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों की ठगी: GT कंपनी चलाने वाले तीन आरोपियों पर FIR, सभी फरार / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में ऑनलाइन निवेश के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। जीटी ग्लोबल ट्रैवल मार्केटिंग लिमिटेड नाम की एक फर्जी कंपनी पर निवेशकों को ज्यादा ब्याज और मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। रेल्वे स्टेशन रोड निवासी दुर्गेश ओझा सहित दर्जनों लोगों ने मंगलवार को कोलारस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।


फरियादी दुर्गेश ओझा ने पुलिस को बताया कि करीब ढाई माह पहले लक्ष्मीनारायण धाकड़, राजू धाकड़ और वीरेन्द्र उर्फ वीरू धाकड़ ने उनकी दुकान किराए पर ली थी। इन तीनों ने यहां “जीटी कंपनी” का कार्यालय खोला। इसके बाद उन्होंने प्रचार-प्रसार कर इलाके के लोगों को कम पैसे में ज्यादा रिटर्न का झांसा दिया।

आरोपियों ने निवेशकों को अलग-अलग रकम पर दैनिक कमाई का लालच दिया था। इसमें 1,800 रुपए की आईडी पर प्रतिदिन 60 रुपए, 5,300 रुपए की आईडी पर प्रतिदिन 180 रुपए, 16,800 रुपए की आईडी पर प्रतिदिन 608 रुपए और 47,200 रुपए की आईडी पर प्रतिदिन 1,800 रुपए मिलने का दावा किया गया था।

शिकायतकर्ताओं ने लिंक के माध्यम से मोबाइल और फोनपे के जरिए रकम जमा की। कुछ समय बाद यह लिंक बंद हो गई और आरोपी फरार हो गए। दुर्गेश ओझा और उनके परिवार के सदस्यों से ही 1,83,900 रुपए की ठगी की गई है। अन्य कई निवेशकों से भी इसी तरह लाखों रुपए ऐंठे गए हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर लक्ष्मीनारायण धाकड़, राजू धाकड़ और वीरेन्द्र उर्फ वीरू धाकड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!