शिवपुरी। करारखेड़ा प्रीमियर लीग (KPL) क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला शिवपुरी के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड में खेला गया, जिसमें रोनक इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स इलेवन जबलपुर को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
विजेता टीम को ₹5 लाख नकद राशि व शील्ड प्रदान की गई, वहीं उपविजेता टीम को ₹2.5 लाख नकद राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मिक्स इलेवन जबलपुर की टीम ने 12 ओवर में 139 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में रोनक इलेवन के बल्लेबाज नासिर अली ने मात्र 24 गेंदों में आतिशी 50 रन ठोकते हुए टीम को 15 गेंद शेष रहते विजयी बनाया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले नासिर अली को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया, जिन्हें ₹41,000 नकद राशि और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
वहीं बेस्ट बैटर का खिताब रोनक इलेवन के ऋषि पंडित को और बेस्ट बोलर का खिताब शिवान्या इलेवन जबलपुर के रोशन कुमार को मिला।
फाइनल मुकाबले में पूर्व केबिनेट मंत्री के.पी. सिंह कक्काजू मुख्य अतिथि और पोहरी विधायक कैलाश कुशवाहा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने का संदेश दिया।
टूर्नामेंट का सफल आयोजन रवि प्रताप सिंह चौहान और मनु प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में व कामेश शिवहरे, बॉबी राजा तथा राज्य आनंद संस्थान के सहयोग से किया गया। आयोजन समिति में ब्रजेश सिंह तोमर, शिवा पारमार, अवध चौहान, साकेत पुरोहित, शिवा धाकड़ और साबिर खान, राघवेन्द्र सिंह चौहान, शिवा बुंदेला सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
रोमांचक फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पोलो ग्राउंड पहुंचे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर तालियों की गूंज देर तक गूंजती रही और मैदान में क्रिकेट का जोश पूरे चरम पर नजर आया।











Be First to Comment