शिवपुरी: पोहरी अनुबिभाग के बैराड़ पुलिस ने ठगी के प्रकरण में फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के 9000 रुपये भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, फरियादी रवानी पत्नी इन्द्रजीत उर्फ टुण्डा जाटव निवासी वार्ड क्रमांक 07, भदेरा बैराड़ ने दिनांक 07 जुलाई 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका पति 08 जून 2024 को सुबह घर से बिना बताए कहीं चला गया है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी बीच दिनांक 30 जून 2025 को फरियादी खैरू पुत्र लट्टी जाटव निवासी बैराड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि नरेन्द्र रावत, बलवीर रावत (निवासी लालगढ़) एवं रामअवतार रावत (निवासी बीलबरा बैराड़) ने उसके गुम हुए लड़के इन्द्रजीत जाटव को ढूंढवाने के नाम पर उससे ₹60,000 की ठगी की। इस मामले पर से अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पोहरी आनंद राय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र रावत एवं रामअवतार रावत को पहले ही गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगे गए रुपए, करदोनी एवं चांदी की तोड़ियाँ बरामद की थीं।
वहीं तीसरा आरोपी बलवीर रावत निवासी लालगढ़ घटना के बाद से फरार था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹5000 का इनाम घोषित किया गया था।
दिनांक 04 नवंबर 2025 की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पोहरी में कॉलेज के पास बैठा हुआ है। सूचना पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने बलवीर पुत्र कैलाश रावत (उम्र 42 वर्ष) निवासी लालगढ़ थाना सिरसौद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से ₹9000 नगद बरामद कर उसे न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.







Be First to Comment