शिवपुरी में जमीन विवाद को लेकर मंगलवार शाम सिंहनिवास फोरलेन हाइवे के पास एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। यह घटना चार पटवारियों की मौजूदगी में हुई। पीड़ित योगेंद्र शर्मा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
फरियादी योगेंद्र शर्मा पुत्र स्व. कैलाश शर्मा निवासी शिवा नगर फिजिकल ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी मनीषा शर्मा के नाम से जमीन है। मंगलवार को वे अपनी पत्नी मनीषा शर्मा और बेटे ईशांक शर्मा के साथ जमीन का नक्शा सुधरवाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
मौके पर पटवारी गिरिजेश श्रीवास्तव, अंकित कलावत, रवि लोधी और आनंद यादव मौजूद थे। इसी दौरान, जमीन से जुड़े दूसरे पक्ष के भागीरथ रावत, अनिल रावत, रूपा रावत और बादाम सिंह रावत निवासी सिंहनिवास वहां आ गए। उन्होंने परिवार को जमीन पर काम करने से रोका और गाली-गलौज करने लगे।
योगेंद्र शर्मा द्वारा विरोध करने पर राकेश पुत्र कैलाश रावत, राकेश पुत्र बादाम सिंह रावत, रामहेत रावत और मंगल रावत भी मौके पर पहुंच गए। इन सभी ने लाठियों और डंडों से योगेंद्र शर्मा पर हमला कर दिया। इस हमले में योगेंद्र शर्मा को हाथ, पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
झगड़े के दौरान योगेंद्र शर्मा का लगभग साढ़े पांच लाख रुपये कीमत का सोने का ब्रेसलेट भी गिरकर गायब हो गया। हमलावर जाते-जाते पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी देकर गए। पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने सभी आठ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment