शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना पुलिस ने रविवार शाम मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ स्मैक की तस्करी करते एक युवक को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 19.25 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और बिना नंबर की लाल रंग की स्कूटी बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 5 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक भौराना झिरी रोड स्थित रामदुलारे यादव के फार्म हाउस के पास स्कूटी से स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। इस पर थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नौशाद पुत्र फरियाद शाह (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 8 बैराड़ बताया।
आरोपी के पास से स्मैक, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और स्कूटी जब्त की गई। पूछताछ में नौशाद ने बताया कि वह अपने साथी मस्तराम धाकड़ (निवासी बरोद) के साथ मिलकर करई पाटोन (थाना आरोन, जिला ग्वालियर) के रामनिवास रावत से स्मैक 2800 रुपये प्रति ग्राम में खरीदकर लाते थे और उसे 12 से 14 हजार रुपये प्रति ग्राम में बैराड़ क्षेत्र में बेचते थे।
इस कार्यवाही में सराहनीय योगदान निरीक्षक सुरेश शर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र शिवहरे, सहायक उपनिरीक्षक हरिओम पाण्डेय, आरक्षक ज्ञानसिंह रावत, अतरसिंह रावत, चेतन राठौर, मांगीलाल, लोकेन्द्र, हरीशंकर और मनीष परिहार का रहा.







Be First to Comment