शिवपुरी: जिले के कोलारस में वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद पति ब्रजकिशोर शिवहरे के 21 वर्षीय भतीजे अमन शिवहरे ने शनिवार देर रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोलारस निवासी अमन शिवहरे पिता चंद्रशेखर शिवहरे ने रात करीब 1 बजे जहर खाया था। उसे सुबह लगभग 4 बजे जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की।
अस्पताल चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
कोलारस थाना प्रभारी रवि चौहान ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या करने का कारण अभी अज्ञात है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मर्ग डायरी मिलने के बाद विस्तृत जांच शुरू की जाएगी।





