शिवपुरी: शहर में दीपावली के दिन (सोमवार) दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। देहात थाना क्षेत्र के दीनदयाल पुरम कॉलोनी में रिटायर्ड डीएसपी पीपी मुदगल की 58 वर्षीय पत्नी सुषमा मुदगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, कोतवाली थाना क्षेत्र के कठमई इलाके में 12 वर्षीय आर्यन कुशवाह की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
पहली घटना दीपावली के दिन दोपहर में हुई। सुषमा मुदगल ने अपने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने उन्हें कमरे में लटका देखा और तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देहात थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
दूसरी घटना कठमई क्षेत्र के मजिस्ट्रेट कॉलोनी के पीछे बने तालाब में हुई। 12 वर्षीय आर्यन कुशवाह अपने बड़े भाई लवकुश के साथ नहाने गया था। दोनों को तैरना नहीं आता था। नहाते समय आर्यन गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।





