शिवपुरी। दीपावली की रात शहर के टेकरी बाजार स्थित निगम गली में खड़ी एक स्कूटी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 10 बजे चंदन अग्रवाल की स्कूटी घर के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण पटाखों की चिंगारी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
स्कूटी से उठती लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। दीपावली की भीड़भाड़ के बावजूद दमकल वाहन समय पर मौके पर पहुंचा और आग को फैलने से रोक लिया।
अगर आग आसपास खड़े अन्य वाहनों या मकानों तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का संज्ञान लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment