शिवपुरी: जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव में शनिवार को सरकारी बोरवेल लगाने के स्थान को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। सहरिया आदिवासी और शाक्य समाज के लोगों के बीच हुए इस विवाद में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव के बड़े सहराना में हाल ही में एक सरकारी बोरवेल लगाया गया था। सहरिया परिवार चाहता था कि यह बोरवेल उनके घरों के सामने लगे, लेकिन इसे शाक्य समाज के घरों के सामने लगा दिया गया। इसी बात को लेकर दोनों समुदायों के बीच कुछ दिनों से तनाव चल रहा था।
शनिवार को यह विवाद मारपीट में बदल गया। शाक्य पक्ष के हरिओम शाक्य ने बताया कि जब उसका भाई पप्पन मजदूरी कर घर लौट रहा था, तभी राजकुमार आदिवासी, अतर सिंह आदिवासी और अन्य लोगों ने उसे घेरकर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। पप्पन को बचाने पहुंचे हरिओम और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मारपीट में घायल हो गए। शाक्य पक्ष के कुल पांच लोग घायल हुए हैं।
आदिवासी पक्ष का आरोप- घर पहुंचकर किया हमला
वहीं, दूसरे पक्ष के राजकुमार आदिवासी ने आरोप लगाया है कि बोरवेल विवाद के चलते हरिओम शाक्य, पप्पन और उनके साथियों ने उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में राजकुमार, अतर सिंह सहित उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर सिरसौद थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायल लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment