Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में सोशल मीडिया की दोस्ती के बाद नाबालिग का पन्ना में दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को पन्ना जिले से सकुशल बरामद किया और आरोपी युवक अभिषेक प्रजापति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर दुष्कर्म का भी आरोप है।

यह घटना शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र में हुई। सागर जिले के ग्राम बगरोही निवासी अभिषेक प्रजापति ने किशोरी को भगाया। जानकारी के अनुसार, दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आरोपी एक बार नाबालिग से मिलने शिवपुरी भी आया था, जिसकी भनक परिजनों को नहीं लगी। बाद में उसने किशोरी को पन्ना ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

किशोरी के गायब होने के बाद परिजनों ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी और किशोरी की लोकेशन ट्रेस की।

कड़ी मशक्कत के बाद देहात थाना पुलिस ने किशोरी को पन्ना जिले के ग्राम रिछोड़ा से बरामद किया। मौके पर आरोपी अभिषेक प्रजापति को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों को शिवपुरी लाया गया, जहां मेडिकल जांच में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

देहात थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया। नाबालिग किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!