Press "Enter" to skip to content

कोलारस-मंडी में मक्का के कम दाम पर किसानों ने किया चक्काजाम, प्रशासन की समझाइश के बाद शांत हुए किसान / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले की कोलारस अनाज मंडी में बुधवार को मक्का के कम दाम मिलने पर किसानों ने हंगामा किया। किसानों ने व्यापारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मंडी परिसर के बाहर पुरानी एबी रोड पर चक्काजाम कर दिया।

सूचना मिलने पर कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा और नायब तहसीलदार शैलेंद्र भार्गव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। तत्काल मंडी में मक्का की नमी जांच के लिए मॉइस्चर मशीन मंगवाई गई।

जांच के बाद जिन किसानों की फसल मानक के अनुरूप पाई गई, उनकी फसलों का दोबारा ऑक्शन शुरू कराया गया। इसके बाद ही किसान शांत हुए और उन्होंने चक्काजाम समाप्त किया। जानकारी के अनुसार, बुधवार को किसान मक्का की फसल लेकर मंडी पहुंचे थे। व्यापारियों ने मक्का का भाव 900 से 1200 रुपए प्रति क्विंटल तक लगाया, जिससे किसान नाराज थे।

किसानों का कहना था कि मक्का का बाजार भाव 2000 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक होना चाहिए, लेकिन व्यापारी मिलीभगत से जानबूझकर कम भाव लगा रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि मंडी में दर्जनों व्यापारियों में से केवल दो व्यापारी ही बोली लगाते हैं और अपने हिसाब से दरें तय करते हैं।

वहीं, व्यापारियों का कहना था कि अधिकांश किसानों की मक्का फसल में नमी अधिक है, ऐसे में उन्हें अधिक भाव देने पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। प्रशासन की दखल के बाद स्थिति सामान्य हुई और मंडी में खरीद-फरोख्त का काम दोबारा शुरू हो गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!