शिवपुरी। पोहरी परियोजना कार्यालय में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब पत्रकार धर्मेन्द्र शर्मा जनसुनवाई में लगाए गए एक आवेदन की जानकारी लेने पहुंचे। बताया गया कि यह आवेदन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, पत्रकार धर्मेन्द्र शर्मा जैसे ही परियोजना अधिकारी अमित यादव के कार्यालय पहुंचे, अधिकारी गुस्से में आगबबूला हो गए और पत्रकार से कहा— “तूने मेरे खिलाफ आवेदन क्यों दिया?” इस दौरान अधिकारी ने भद्दी-भद्दी गालियाँ दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए कुर्सी से उठकर हाथापाई पर उतर आए।
पत्रकार के अनुसार, पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है, जो इस अभद्र व्यवहार का साक्ष्य है। शर्मा ने मामले की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) पोहरी सहित एसडीएम पोहरी को एक लिखित आवेदन देकर की है।
पत्रकार ने अपने आवेदन में लिखा है कि वह सिर्फ आवेदन की स्थिति जानने गए थे, लेकिन परियोजना अधिकारी द्वारा इस तरह का अमानवीय व गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया गया, जो न केवल सरकारी मर्यादा के विपरीत है बल्कि पत्रकार की सुरक्षा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी हमला है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि परियोजना अधिकारी अमित यादव के विरुद्ध सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी जनसुनवाई में आवेदन लगाने वाले आमजन या पत्रकार के साथ इस प्रकार का व्यवहार करने का साहस न करे।
ग्रामीणों एवं स्थानीय पत्रकारों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए न्याय की मांग की है








Be First to Comment