शिवपुरी: जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वार्ड नंबर 7 स्थित गुजरी रेलवे ट्रैक पर युवक ने पैसेंजर ट्रेन के आगे लेटकर अपनी जान दे दी। इस हादसे में उसका शरीर दो हिस्सों में बंट गया।
मृतक की पहचान अशोकनगर जिले के बड़ी घुरवार निवासी जनक (47) पुत्र कोमल योगी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जनक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बदरवास पहुंचा था। उसने गुजरी रेलवे ट्रैक पर सामने से आ रही पैसेंजर ट्रेन के आगे लेटकर आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए थे।
परिजनों ने बताया कि मृतक विवाहित था और पिछले कुछ समय से उसकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। हालांकि, मृतक की पत्नी ने इस संबंध में फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment