मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुरना जिले में जहरीले कफ सिरप पीने से अबोध बच्चों की हुई मौतों के विरोध में पोहरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार शाम कैंडल मार्च निकालकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
यह कैंडल मार्च ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आफाक अंसारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक पंडित नरहरी प्रसाद शर्मा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी पोहरी चौराहे तक पैदल मार्च करते पहुंचे।
कांग्रेसजनों ने मृत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के इस्तीफे की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की है कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी दवा कंपनी पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृत बच्चों के परिजनों को पांच-पांच करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें जल्द नहीं मानी गईं तो पार्टी आगे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।







Be First to Comment