Press "Enter" to skip to content

संतान प्राप्ति का लालच देकर सोने के आभूषण लेकर भागने वाले ‘बाबाओं’ को बैराड़ पुलिस ने किया गिरफ्तार / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले की बैराड़ पुलिस ने दो अंतरराज्यीय ठगों को गिरफ्तार किया है, जो महिलाओं को संतान प्राप्ति का लालच देकर उनके सोने के आभूषण ठग कर फरार हो रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के बाले और ठगी में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली।

थाना प्रभारी रविशंकर कौशल ने बताया कि 6 अक्टूबर को फरियादी कल्लो पत्नी माखन यादव (27) निवासी बेहरदा थाना बैराड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बैराड़ से अपने गांव जा रही थी। रास्ते में ककरई रोड पर उसका सामना मौसी सास लीला यादव से हुआ। दोनों सड़क किनारे बैठी थीं, तभी दो अज्ञात व्यक्ति बाबा के वेश में स्लेटी रंग की कार में आए।

ठगों ने महिलाओं को कहा कि संतान प्राप्ति में समस्या है तो चिंता न करें, बस अपने कानों के सोने के बाले उन्हें दे दें और कार की परिक्रमा करें। दोनों महिलाओं ने उनकी बातों में आकर बाले दे दिए। इसके बाद आरोपी जेवर लेकर फरार हो गए।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने 7 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलते ही आरोपियों को पटेवरी रोड से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम नाथ (24) निवासी मथुरा, यूपी और सोनू नाथ (27) निवासी पलवल, हरियाणा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जोड़ी सोने के बाले कीमत ₹1.10 लाख, एक ऑरेंज रंग की धोती, और एक स्लेटी रंग की बलेनो कार (HR 93 B 3229) बरामद की। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और अन्य जिलों में भी इसी तरह की ठगी की घटनाओं की जांच की जा रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!