Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में लोगों ने युवक को घेरकर डंडे से पीटकर लात-घूंसे मारे, पत्थर पटका, पहचान के बाद तलाश में जुटी पुलिस / Shivpuri News

शिवपुरी में कुछ लोगों ने एक मानसिक विक्षिप्त युवक को खूब पीटा। उसे सड़क पर गिराकर डंडे, लात-घूंसे मारे। पत्थर पटका। युवक लहूलुहान हो गया। इसके बाद भी कोई बीच-बचाव करने नहीं आया। करीब 10 मिनट तक आरोपी युवक को बेरहमी से पीटते रहे।

पुलिस का सायरन सुन आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। उसका इलाज किया जा रहा है। घटना फिजिकल इलाके में बाबू क्वार्टर तिराहा पर शनिवार रात की है। वहां मौजूद लोगों में से किसी ने वीडियो बना लिया, जो रविवार को सामने आया है।

घायल युवक की पहचान आरिफ खान, निवासी घोसीपुरा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आरिफ की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह अक्सर शहर में इधर-उधर घूमता रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आरिफ ने कमलागंज इलाके में खड़ी अतुल भोगरा और राजेंद्र राठौर की कार में पत्थर मार दिया था। इसी बात से गुस्साए युवकों ने थीम रोड पर आरिफ को पकड़ लिया और बेरहमी से पीट दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तिराहे के पास ही एक स्नूकर पूल है। यहां कुछ युवक खेलने के लिए आए थे। जब उन्हें कार पर पत्थर मारने की जानकारी मिली, तो उन्होंने भागकर आरिफ को पकड़ा और उसकी पिटाई कर दी।

फिजिकल पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपियों की पहचान पुरानी शिवपुरी क्षेत्र के कुछ युवकों के रूप में की गई है। घटना का वीडियो भी सामने आया। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पिता की मौत के बाद बिगड़ गई थी मानसिक स्थिति
घायल आरिफ की मां मेहरू निशा ने बताया, 2013 में पिता की मौत हो गई थी। इससे पहले आरिफ अपने पिता के साथ पुट्टी का काम करता था। वह बेहतर कारीगर था। घर का अधिकांश खर्च वही चलाता था, लेकिन पिता की मौत के बाद उसकी मानसिक स्थिति खराब होने लगी। फिर भी वह किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता था।

मां ने बताया कि शनिवार को आरोपियों ने उसे छेड़ा, जिसके बाद उसने पत्थर मार दिया था। इसी के बाद आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की। जबकि बेटा देखने से ही मानसिक विक्षिप्त लगता था। इसके बावजूद उसे पीटा गया।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!