शिवपुरी। आवारा पशु जब चोटिल हो जाते हैं तो उसकी देखभाल करने की शुरुआत कॉलेज में पढ़ने वाले युवाओं द्वारा की जा रही है। इस संदर्भ में उन्होंने एक नए पशु वाहन की शुरुआत भी मंगलवार से की है, जिसमें 24 घंटे कहीं से भी सूचना मिलने पर वह पशु को बिठाकर उसे उपचार के लिए गौशाला लेकर आएंगे, जहां उसे उपचारित और स्वस्थ कर जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। मंगलवार को कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल ने इस पशु वाहन को हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की।
दरअसल आवारा पशुओं के चोटिल हो जाने पर उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। 1 साल पहले कक्षा 12 में पढ़ने वाले युवाओं ने संकल्प लिया था कि कोई भी पशु यदि चोटिल होता है, दुर्घटना का शिकार होता है तो वह प्रशासन का मोहताज नहीं रहेगा। खुद अपनी ओर से उसकी देखभाल करेंगे। इसके लिए जब युवाओं ने अपना संगठन पशु रक्षक संघ के नाम से बनाया तो शहर के लोगों ने भी उन्हें सहयोग करना शुरू कर दिया। शहर के वरिष्ठ समाजसेवी और गोयल मेडिकल के मालिक अमन गोयल ने इन युवाओं से कहा कि आपकी सेवा सराहनीय है, और जितनी भी दवाइयां आपको इनके उपचार में लगे वह मुझसे निशुल्क ले। इसी तरह शहर के समाजसेवी अमरीश चाचा ने इन युवाओं की सेवा को देखते हुए एक वाहन अपनी ओर से युवाओं को दिया ताकि पशुओं को लाने ले जाने के लिए उन्हें कठिनाई ना हो। अब इस वाहन के माध्यम से 24 घंटे पशु रक्षक संघ के सदस्य बच्चों की देखभाल और उनका उपचार करेंगे।






Be First to Comment