शिवपुरी: जिले के करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15.10 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
इसी अभियान के तहत करैरा चौकी सुनारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, ग्राम अन्दौरा के पास पहाड़िया पर तीन युवक स्मैक बेचने के इरादे से खड़े थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तीनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक रावत (22) पुत्र रामकिशन रावत और मुरारी उर्फ बल्लू पाठक (50) पुत्र राजाराम पाठक के रूप में हुई है। दोनों ग्राम दिहायला के निवासी हैं। तलाशी के दौरान अभिषेक से 8.05 ग्राम और मुरारी से 7.05 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 15.10 ग्राम स्मैक जब्त की गई।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी का नाम रानू पाठक है, जो दिहायला का निवासी है। भागने के दौरान वह अपना एप्पल कंपनी का मोबाइल मौके पर छोड़ गया, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना करैरा में अपराध क्रमांक 698/25 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।







Be First to Comment