शिवपुरी में 25 सितंबर की शाम और रात में तीन घंटे के अंदर दो अलग‑अलग एटीएम ठगी की घटनाएं हुई। गुरुद्वारा चौक और झांसी तिराहा स्थित एसबीआई एटीएम से ठगों ने युवती और युवक के खातों से कुल 60 हजार रुपए निकाल लिए। दोनों पीड़ितों ने बैंक स्टेटमेंट सहित एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है। अब मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
शिवपुरी के शिव कॉलोनी निवासी नेहा भट ने बताया कि वह 25 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे अपनी मां सुधा भट का एटीएम कार्ड लेकर गुरुद्वारा चौक स्थित एसबीआई एटीएम पर पैसे निकालने पहुंचीं। उन्होंने पहले 5 हजार रुपए निकाले।
इसके बाद जब उन्होंने स्टेटमेंट देखने के लिए दोबारा कार्ड डाला, तो उनका एटीएम नीचे गिर गया। इस दौरान एटीएम में पहले से मौजूद सफेद शर्ट पहने एक युवक ने उन्हें कोई दूसरा कार्ड पकड़ा दिया और वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद पता चला कि उनकी मां के खाते से 35 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं।
इसी दिन रात करीब 8 बजे झांसी तिराहा क्षेत्र के एसबीआई एटीएम पर रमेशचंद्र ओझा पैसे निकालने पहुंचे थे। तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ देर बाद उनके खाते से 25 हजार रुपए का ट्रांजैक्शन कर लिया गया।







Be First to Comment