शिवपुरी के पुरानी शिवपुरी क्षेत्र में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह घटना शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। मृतक की पहचान अमोला निवासी 28 वर्षीय धर्मेंद्र लोधी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। इसके बावजूद उसका अमोला क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने इसी साल मार्च 2025 में धर्मेंद्र पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।
दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद भी धर्मेंद्र और युवती पुरानी शिवपुरी क्षेत्र के एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे। धर्मेंद्र ने मकान मालिक को दोनों को पति-पत्नी बताया था। धर्मेंद्र पेशे से ट्रक ड्राइवर था और उसने यह बात अपने परिवार से छिपा रखी थी।
घटना के समय युवती घर पर मौजूद नहीं थी। देहात थाना प्रभारी जितेंद्र मावई ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों और युवती के बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।







Be First to Comment