मध्य प्रदेश के शिवपुरी से मणिमहेश कैलाश यात्रा पर गए 14 श्रद्धालु हिमाचल प्रदेश के चंबा में फंस गए है। बड़सर के पास बादल फटने से रास्ता बंद हो गया है। रास्ता बंद होने से शिवपुरी के 14 श्रद्धालु वहां फंस गए। भारी बारिश और बादल फटने के कारण रविवार दोपहर से यात्री वहीं रुके हुए हैं। रास्ते में जगह-जगह पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं।
शिवपुरी में पाराशर स्पोर्ट्स दुकान चलाने वाले पंकज पाराशर अपने परिवार के साथ वहां फंसे हुए हैं। उनके साथ पत्नी मंजू पाराशर और बच्चे जलज, मंत्र, अर्थ, हर्षवर्धन हैं। अन्य यात्रियों में ओमप्रकाश, नीतू, कनक, लाडो, यश, कोमल, ममता और कृतिका।
पंकज पाराशर ने बताया कि शिवपुरी से 19 अगस्त को मणिमहेश कैलाश यात्रा पर निकले थे। दर्शन करने में तीन दिन का समय लगा। सभी श्रद्धालु 24 अगस्त रविवार दोपहर करीब 1 बजे भरमौर तहसील से पठानकोट के लिए रवाना हुए थे। दोपहर 3 बजे से बड़सर में फंसे गए थे।
बस बहुत धीमे चल रही है। सोमवार को चंबा जिले के पास पहुंचे हैं और पठानकोट लगभग 100 किलोमीटर दूर रह गया है। इन सभी ने वापसी के ट्रेन टिकट कराए थे लेकिन समय से नहीं पहुंचने के कारण टिकट बर्बाद हो गए। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं।
यात्रियों ने वीडियो जारी कर शिवपुरी-गुना सांसद और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मदद मांगी है। उन्होंने कहा कि वे जल्द से जल्द सुरक्षित घर लौटना चाहते हैं।







Be First to Comment