सिंधिया ने प्रभावित परिवारों से मिलकर राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की, कहा– हर संकट में आपके साथ हूं”
शिवपुरी/कोलारस। अपने संसदीय क्षेत्र के 4 दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच आज कोलारस के विभिन्न बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में पहुँचे। यहाँ उन्होंने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्यों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
संगेश्वर, लगदा, लालपुर और बाँसखेड़ा गाँव का किया दौरा और सौंपी आर्थिक सहायता और दिया भरोसा
सिंधिया ने आज शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा के आपदा प्रभावित संगेश्वर, लगदा, लालपुर और बाँसखेड़ा गांवों का दौरा कर बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र और उचित मुआवज़ा दिलाने का भरोसा दिलाया साथ ही उन्होंने आपदा में हुए नुकसान की आर्थिक सहायता राशि भी प्रभावित परिवारों को वितरित की। उन्होंने भरोसा देते हुए कहा कि मैं संकट के समय हमेशा आपके साथ खड़ा रहूँगा।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने लालपुर गांव में जाकर बाढ़ दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिला दुर्गेश दांगी के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया।
जान दांव पर लगाकर ग्रामीणों को बचाने वाले गिरिराज को सिंधिया ने 12 घंटे में भेंट किया ट्रैक्टर
केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री तथा गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज बाढ़ प्रभावित लिलवारा गाँव के साहसी और निस्वार्थ युवक गिरिराज को नया ट्रैक्टर-ट्रॉली भेंट कर अपना वचन निभाया। गिरिराज ने बाढ़ में अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कई ग्रामीणों की जान बचाई थी और लगातार सेवा करते हुए उसका ट्रैक्टर गहराई में फँसकर बंद हो गया एवं इंजन भी नष्ट हो गया।
इस साहसिक कार्य से प्रभावित होकर सिंधिया ने गिरिराज को नया ट्रैक्टर देने का आश्वासन दिया और महज 12 घंटे के भीतर गिरिराज को ट्रैक्टर-ट्रॉली प्रदान उन्होंने अपना वादा पूरा किया। गिरिराज ने अपनी जान और साधन की चिंता न करते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इस बहादुरी और त्याग ने पूरे क्षेत्र के लिए उसे प्रेरणा का स्रोत बना दिया।
ट्रिपल इंजन सरकार की संवेदनशीलता और सिंधिया के प्रयासों से मिली लाखों की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ सिंधिया पहले भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर चुके हैं। उनके प्रयासों से प्रभावित परिवारों को समय-समय पर आर्थिक सहायता, खाद्यान्न सामग्री और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया गया है।
अब तक कोलारस के प्रभावित क्षेत्रों के परिवारों को कई लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जा चुकी है। जिसमें से संगेश्वर में ₹39 लाख 30 हजार, लगदा में ₹21 लाख 23 हजार, लालपुर में ₹30 लाख 10 हजार और बाँसखेड़ा गाँव के करीब ₹15 लाख तक की सहायता राशि दी जा चुकी है।
आपदा के दौरान इन गाँवों में नकद सहायता के साथ-साथ अनाज, तिरपाल और अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई है।
जनसेवा और राहत, हमारी प्राथमिकता – सिंधिया
अपने संबोधन में सिंधिया ने कहा कि यह मोदी सरकार, मोहन यादव सरकार और स्थानीय प्रशासन की तत्परता का परिणाम है कि हर प्रभावित परिवार तक सहायता पहुँच पाई। मकान क्षति हो, खाद्यान्न का नुकसान या फसल की बर्बादी हर परिस्थिति में मुआवजा और राहत तुरंत दी गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में ट्रिपल इंजन की सरकार ने संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ जनता की सेवा की है।
केंद्रीय मंत्री के साथ आज भी पूरा स्थानीय प्रशासनिक अमला मौजूद था। विदित रहे कि शिवपुरी जिले में आई इस विनाशकारी बाढ़ ने पिछले सात दशकों के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये है। कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कई गाँवों में सिंध नदी के साथ इंदार नदी के सैलाब ने जो तबाही मचाई है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक दर्दनाक याद बन गई है।









Be First to Comment